RUDRAPRAYAG

यात्रा को बेहतर बनाने में सबकी सक्रिय भागीदारी पर बल

  • पत्रकारों की रचनात्मक भूमिका को जिलाधिकारी ने सराहा : किया सम्मान
रमेश पहाड़ी 
रुद्रप्रयाग : वर्ष 2018 में केदारनाथ यात्रा में जिले के पत्रकारों द्वारा रचनात्मक पत्रकारिता द्वारा यात्रा-व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनका सम्मान किया। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि केदारनाथ यात्रा जहाँ रुद्रप्रयाग जिले की आर्थिकी का एक बड़ा आधार है, वहीं हम सबके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती भी है। इसे हम सब मिलकर और बेहतर प्रबंधन के द्वारा यात्रियों के लिए अधिक सुगम तथा सुविधाजनक बनाने में जुटें। उन्होंने प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 30 अप्रैल तक मार्ग, पेयजल, विद्युत व संचार व्यवस्था को सुचारु कर दिया जाएगा। अधिक बर्फबारी होने से इस बार बुनियादी सुविधाओं की पुनर्स्थापना की चुनौती बढ़ी है लेकिन उसके लिए पूरी तैयारी की गई है। केदारनाथ यात्रा में यात्रियों को आवासीय व्यवस्था बढ़ाई गई है। स्थानीय लोगों के नवनिर्मित भवनों में भी यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। इस प्रकार इस बार 6 हजार से अधिक यात्री वहाँ रह पाएंगे। यात्रियों को स्थानीय भोजन उपलब्ध कराने के लिए यात्रा मार्ग पर 10 दुकानें महिला समूहों को देने का निर्णय हुआ है और उनके माध्यम से स्थानीय भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। नकली फूलों की मालाओं को हतोत्साहित करने के लिए जिले में फूलों की खेती को प्रोत्साहित किया गया गया है। इस बार मंदिर की साजसज्जा के लिए 15 क्विंटल फूल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उगाए जा रहे हैं और प्रयास है कि पूरे यात्राकाल में फूलों की आपूर्ति स्थानीय उत्पादकों से करवाई जाय।
केदारनाथ यात्रा में पॉलीथिन का प्रयोग पूरी तरह वर्जित किया गया है। वहाँ पालीथिन की बरसाती का भी उपयोग नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए किराए पर बरसाती उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया व्यापारियों, आवास और परिवहन व्यवस्था से जुड़े कारोबारियों से संवाद कर उन्हें यात्रा-व्यवस्था में अधिक अच्छी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित व प्रशिक्षित करने के प्रयास किये गए हैं। मूल्य नियंत्रण पर भी नजर रहेगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 9 पक्के भवन पैदल यात्रा मार्ग पर तैयार हो गए हैं। मोटर सड़क गड्ढा मुक्त व धूलमुक्त हो, इसके लिए समुचित निर्देश दिये गए हैं और इनकी निगरानी का भी प्रभावी तंत्र विकसित किया गया है। विभागों के बीच समन्वय की व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि यात्रियों को अधिकाधिक सुविधाएं प्राप्त हों और वे यहाँ से सुखद अनुभव लेकर लौटें।
इस अवसर पर मौजूद पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने यात्रियों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्ययोजना की जानकारी दी। पत्रकारों ने यात्रियों के कुछ मुख्य स्थानों पर केंद्रित होने से बढ़ती परेशानी, वस्तुओं और परिवहन की दरों पर नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था, सड़कों और अन्य आधारभूत सुविधाओं की सहज उपलब्धता और उनके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। यात्रा-अवधि में वाहनों के क्रमवार संचालन को अधिक व्यवस्थित करने, सूचना पट पर्याप्त संख्या में लगाने, स्वच्छता के साथ ही कचरे के निपटान में नवीन प्रोद्यौगिकी के अधिकाधिक प्रयोग के अलावा स्थानीय तीर्थ-स्थलों तक यात्रियों की आसान पहुँच बनाने के प्रयास बढ़ाने पर भी बल दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »