UTTARAKHAND

कोरोना पर वारः एम्स में ओपीडी में आने वाले हर मरीज की स्क्रीनिंग

एम्स में कोरोना आशंकित मरीजों की पंजीकरण,ओपीडी अलग से

ओपीडी मरीजों को कोरोना से बचाव की जानकारी दी जा रही

ऋषिकेश। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश की ओपीडी में आने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। साथ ही मरीजों को कोरोना वायरस से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए उनको जागरूक किया जा रहा है।

मरीजों को सुझाव दिया गया कि आपात स्थिति में ही अस्पताल आएं। बताया गया कि इस बीमारी से बचाव का सबसे बेहतर तरीका है कि व्यक्ति अपने घर में रहें और भीड़ वाले इलाकों में जाने से हरसंभव बचें। एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन ने गुरुवार को मरीजों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। इस दौरान 24 से अधिक चिकित्सकों की टीम ने अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों से कोरोना के लक्षणों को लेकर सवाल किए।

निदेशक प्रो. रवि कांत ने बताया कि कोरोना वायरस के विश्वव्यापी प्रकोप के चलते संस्थान में विश्व स्वास्थ्य संगठन की गाइड लाइन के तहत मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। कोरोना आशंकित मरीजों के लिए पंजीकरण,ओपीडी तथा आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्थाएं अलग से की गई हैं। इस दौरान मरीजों को सुरक्षा के लिहाज से मास्क भी बांटे गए। इस अवसर पर डा. यूबी मिश्रा,नोडल ऑफिसर डा. प्रसन कुमार पांडा,डा. मीनाक्षी धर. डा. योगेश, डा. अनुभा अग्रवाल, डा. सुलेखा आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »