ENTERTAINMENT

कंगना के दफ्तर पर तोड़फोड़ मामले में बीएमसी को बड़ा झटका : कोर्ट ने कहा दुर्भावनापूर्ण

बीएमसी की कार्रवाई हाई कोर्ट ने को बताया द्वेषपूर्ण कृत्य
किरीट सोमैया ने की मुंबई की मेयर से इस्तीफा देने की मांग
मुंबई हाई कोर्ट ने नुकसान का आकलन करने के लिए नियुक्त किया मूल्यांकन अधिकारी 

देवभूमि मीडिया ब्यूरो
मुम्बई : हाई कोर्ट मुंबई ने कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा अभिनेत्री कंगना रणौत के बंगले के हिस्से को ध्वस्त करने की कार्रवाई पूर्णतः द्वेषपूर्ण कृत्य था और यह सब अभिनेत्री को नुकसान पहुंचाने के लिए किया गया था। अदालत ने विध्वंस के आदेश को ही रद्द कर दिया।
अदालत ने यह भी कहा कि अदालत किसी भी नागरिक के खिलाफ प्रशासन को ‘बाहुबल’ का उपयोग करने की मंजूरी नहीं देता है। न्यायमूर्ति एस.जे. काठवाला और न्यायमूर्ति आरआई चागला की पीठ ने कहा कि नागरिक निकाय द्वारा की गई कार्रवाई अनधिकृत थी और इसमें कोई संदेह नहीं है।
पीठ रणौत द्वारा नौ सितंबर को उपनगरीय बांद्रा स्थित अपने पाली हिल बंगले में बीएमसी द्वारा की गई कार्रवाई के आदेश को चुनौती वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने कहा कि नागरिक निकाय ने एक नागरिक के अधिकारों के खिलाफ गलत इरादे से कार्रवाई की गई है।
गौरतलब हो कि बीएमसी द्वारा कंगना का घर अवैध रूप से और बदले की भावना से तोड़े जाने के बाद कंगना रणौत ने बीएमसी से हर्जाने में दो करोड़ रुपये मांगे थे और अदालत से बीएमसी की कार्रवाई को अवैध घोषित करने का आग्रह किया था। मुआवजे के मुद्दे पर पीठ ने कहा कि मुंबई हाई कोर्ट ने  नुकसान का आकलन करने के लिए मूल्यांकन अधिकारी नियुक्त कर रही है जो याचिकाकर्ता और बीएमसी को विध्वंस के कारण होने वाले आर्थिक नुकसान पर सुनवाई करेगा।
वहीं हाई कोर्ट ने कहा, ‘मूल्यांकन अधिकारी मार्च 2021 तक मुआवजे पर उचित आदेश पारित करेगा।’ नागरिक निकाय ने याचिका का विरोध करते हुए कहा था कि अभिनेत्री ने गैरकानूनी तरीके से अपने बंगले में निर्माण कार्य कराए थे। बीएमसी द्वारा नौ सितंबर को विध्वंस प्रक्रिया शुरु करने के बाद ही रणौत ने यह याचिका दायर की थी जिसके बाद अदालत ने अंतरिम आदेश में तोड़फोड़ पर रोक लगा दी थी।
हालांकि मुंबई हाई कोर्ट का कहना है कि वैल्यूअर अदालत को एक रिपोर्ट सौंपेगा। इसके बाद वह कंगना रणौत को मुआवजा देने का आदेश पारित करेगा। मुंबई हाई कोर्ट ने अभिनेत्री से सोशल मीडिया और अन्य लोगों पर टिप्पणी करते हुए संयम बरतने को भी कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »