देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश, बर्फबारी और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार रात से मौसम का असर बढ़ना शुरू हो जाएगा। खासकर चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े जिलों में बारिश और बर्फबारी का अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि निचले इलाकों में बारिश होने के आसार हैं।
विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटकों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।



