देहरादून। उत्तराखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 98.7 प्रतिशत साक्षरता दर प्राप्त कर देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनने का गौरव हासिल किया है। केंद्र सरकार के उल्लास (ULLAS) कार्यक्रम के तहत यह उपलब्धि दर्ज की गई है।
केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार 95 प्रतिशत से अधिक साक्षरता दर हासिल करने वाले राज्यों को पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा दिया जाता है। उत्तराखंड ने इस लक्ष्य को पार करते हुए शिक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है।
यह उपलब्धि राज्य में शिक्षा को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए वर्षों से किए जा रहे प्रयासों, जागरूकता अभियानों और जनसहभागिता का परिणाम है। उत्तराखंड की यह सफलता एक अधिक सशक्त, जागरूक और शिक्षित समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



