टी20 सीरीज के दो मैच यूएसए के फ्लोरिडा में खेले जायेंगे
देवभूमि मीडिया खेल डेस्क
देहरादून । West Indies Tour के लिए विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय खिलाडियों का ऐलान हो गया है। वर्ल्ड कप 2019 में पराजय के बाद टीम इंडिया का ये पहला दौरा है। रविवार को मुंबई में बीसीसीआइ दफ्तर में हुई मीटिंग के बाद कैरेबियाई दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया।
BCCI के क्रिकेट सेंटर मुंबई में कप्तान विराट कोहली और चीफ सलेक्टर एमएसके प्रसाद सहित चयनकर्ताओं की बैठक में कई खिलाड़ियों के भविष्य का फैसला हुआ जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नज़र आएंगे। वहीं शिखर धवन की चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी हो गई है।
MS Dhoni, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को आराम दिया गया है। वहीं, दिनेश कार्तिक को उनके खराब प्रदर्शन की वजह से टीम से बाहर किया गया है। उधर, टेस्ट के लिए रिद्धिमान साहा और रिषभ पंत को बतौर विकेटकीपर शामिल किया गया है।
टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच तीन टी20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज अगस्त के पहले हफ्ते में शुरू होगी। टी20 सीरीज के पहले दो मुकाबले यूएसए के फ्लोरिडा में खेले जाएंगे।