देहरादून के सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में विनोद पुत्र भगवत की मौत हो गई, जबकि उनका भाई राजेश समेत अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस व पीएसी की तैनाती की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले को लेकर नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन से जवाब-तलब किया। बताया जा रहा है कि विवाद खेत में सिंचाई और पुराने लेनदेन के मुद्दे को लेकर हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

