विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
पूर्व मंत्री स्व. पंत के सपनों को पूरा करने के साथ ही उनके अधूरे कार्यों को पूरा करूंगी : चंद्रा पंत
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून: विधानसभा की पिथौरागढ़ सीट के उपचुनाव जीतकर विधानसभा की देहलीज तक पहुंची भाजपा विधायक चंद्रा पंत ने मंगलवार को विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण की औपचारिकता पूर्ण करने के बाद अब चंद्रा पंत विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्रवाई में भाग ले सकेंगी।
गौरतलब हो कि कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन के कारण विधान सभा पिथौरागढ़ सीट रिक्त हो गई थी। इस सीट के उपचुनाव में भाजपा ने स्वर्गीय पंत की पत्नी चंद्रा पंत को मैदान में उतारा और उन्होंने जीत हासिल की।
मंगलवार को शपथ लेने के बाद विधायक चंद्रा पंत ने कहा कि पिथौरागढ़ क्षेत्र के विकास को लेकर पूर्व मंत्री स्व. पंत के सपनों को पूरा करने के साथ ही उनके अधूरे कार्यों को पूरा करेंगी।
इस अवसर विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि पूर्व मंत्री प्रकाश पंत द्वारा छोड़े गए कार्यो को विधायक चंद्रा पंत आगे बढ़ाएंगी।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधानसभा के उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, विधायक खजानदास, देशराज कर्णवाल, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, मनोनीत विधायक जीआइजी मैन, भाजपा के महानगर अध्यक्ष विनय गोयल आदि मौजूद थे।