HEALTH NEWS

स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए फिट इंडिया और सीबीएसई के लाइव फिटनेस सेशन कल से

फिट इंडिया और सीबीएसई लॉकडाउन के दूसरे चरण में पहली बार लाइव फिटनेस सत्रों में आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देश साझा करेंगे 

लाइव फिटनेस सत्र 15 अप्रैल 2020 से सुबह 9.30 बजे शुरू होंगे

फिट इंडिया अभियान और सीबीएसई के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम हैंडल पर इन लाइव सत्रों से लाभान्वित हो सकते हैं विद्यार्थी

देवभूमि मीडिया ब्यूरो 

नई दिल्ली। फिट इंडिया के फिट इंडिया एक्टिव डे कार्यक्रम के तहत लाइव फिटनेस सत्रों को मिली व्‍यापक सफलता के बाद भारत सरकार फिर से फिटनेस सत्रों की एक नई श्रृंखला शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बार ये सत्र देशभर के स्कूली बच्चों के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की साझेदारी में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्रालय के स्वस्थ रहने संबंधी दिशा-निर्देशों को विद्यार्थि‍यों के साथ साझा किया जाएगा।

अपनी तरह की इस अनूठी पहल के बारे में चर्चा करते हुए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा, ‘सीबीएसई ने शुरुआत से ही फिट इंडिया अभियान का व्‍यापक समर्थन किया है। सीबीएसई के 13868 स्कूल  कई फिट इंडिया कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं और सीबीएसई के 11682 स्कूल पहले ही फिट इंडिया फ्लैग प्राप्‍त कर चुके हैं। मुझे विश्वास है कि अब इस अनूठे प्रयास की बदौलत देशभर के विद्यार्थी न केवल लॉकडाउन के दौरान अपना समय सही जगह व्‍यतीत कर सकेंगे, बल्कि फिटनेस बनाए रखने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए भी प्रेरित होंगे, जो हमारे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का विजन है।’

केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री किरेन रिजिजू का मानना है कि ऑनलाइन सत्र समय की मांग हैं। उन्होंने कहा, ‘इस समय घर पर रह रहे बच्चों का शारीरिक व्यायाम अत्‍यंत सीमित हो गया है। फिटनेस विशेषज्ञों की सहभागिता वाले ये सत्र यह सुनिश्चित करेंगे कि बच्चे घर पर भी फिटनेस का अभ्यास करें। इस समय यह सुनिश्चित करना भी आवश्‍यक है कि सभी लोग, विशेषकर बच्चे स्वस्थ बने रहें और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी काफी मजबूत हो। इन सत्रों के दौरान फिटनेस से संबंधित विषयों के अलावा रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए कुछ आसान उपायों पर अमल करने संबंधी आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के बारे में भी चर्चा की जाएगी। मुझे यकीन है कि इन अत्‍यंत उपयोगी सत्रों से बच्चे और उनके माता-पिता भी काफी लाभान्वित होंगे।’

लाइव फिटनेस सत्र 15 अप्रैल, 2020 से सुबह 9.30 बजे शुरू होंगे। विद्यार्थी बड़ी आसानी से फिट इंडिया अभियान और सीबीएसई के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए इन लाइव सत्रों से लाभान्वित हो सकते हैं। सभी सत्र यूट्यूब पर भी उपलब्ध होंगे, ताकि छात्र अपनी सुविधा के अनुसार इन्‍हें देखकर लाभान्वित हो सकें।

लाइव सत्र बच्चों की फिटनेस के सभी पहलुओं को कवर करेंगे, जिनमें दैनिक व्‍यायाम से लेकर योग तक और पोषण से लेकर भावनात्मक दृढ़ता तक सभी शामिल हैं। प्रतिष्ठित फिटनेस विशेषज्ञ जैसे कि आलिया इमरान, पोषण विशेषज्ञ पूजा मखीजा, भावनात्मक वेलनेस विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र नागपाल, योग प्रोफेशनल हीना भीमानी और कई अन्य प्रोफेशनल भी इन सत्रों का अहम हिस्सा होंगे। लाइव स्ट्रीमिंग सीबीएसई के सोशल मीडिया हैंडल, गोकी (GOQii) एप  और शिल्पा शेट्टी एप पर भी उपलब्ध होगी।

devbhoomimedia

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) : देवभूमि मीडिया.कॉम हर पक्ष के विचारों और नज़रिए को अपने यहां समाहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह जरूरी नहीं है कि हम यहां प्रकाशित सभी विचारों से सहमत हों। लेकिन हम सबकी अभिव्यक्ति की आज़ादी के अधिकार का समर्थन करते हैं। ऐसे स्वतंत्र लेखक,ब्लॉगर और स्तंभकार जो देवभूमि मीडिया.कॉम के कर्मचारी नहीं हैं, उनके लेख, सूचनाएं या उनके द्वारा व्यक्त किया गया विचार उनका निजी है, यह देवभूमि मीडिया.कॉम का नज़रिया नहीं है और नहीं कहा जा सकता है। ऐसी किसी चीज की जवाबदेही या उत्तरदायित्व देवभूमि मीडिया.कॉम का नहीं होगा। धन्यवाद !

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »