CAPITAL

21 जून को पवेलियन ग्राउण्ड में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम

  • योगाभ्यास कार्यक्रम में हजारों लोग करेंगे प्रतिभाग

  • कार्यक्रम में योग से जुड़े विशेषज्ञों को किया जायेगा सम्मानित 

देवभूमि मीडिया ब्यूरो 

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को सचिवालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश में व्यापक स्तर योगाभ्यास की व्यवस्था की जाय। देहरादून में पवेलियन ग्राउण्ड पर योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस योगाभ्यास कार्यक्रम में हजारों लोग प्रतिभाग करेंगे। जनपदों में भी अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास  के कार्यक्रम होंगे।

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि जिलों व तहसील स्तर पर योगाभ्यास की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपदों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में संबंधित जनपदों के प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयुष स्वास्थ्य, नगर निगम, पेयजल, पुलिस, शिक्षा आदि विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में योग से जुड़े विशेषज्ञों को सम्मानित करने की भी व्यवस्था की जाए।  

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड योग व आध्यात्म की भी भूमि है। इससे करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई है। गत वर्ष एफआरआई देहरादून में आयोजित योग महोत्सव में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं भी भागीदारी की थी, जिसमें हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया। योग की वजह से भारत को वैश्विक जगत में विशेष पहचान मिली है। ऋषिकेश में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले अन्तरराष्ट्रीय योग महोत्सवों ने भी योग की स्वीकार्यता को बढ़ाया है।

बैठक में आयुष मंत्री डाॅ. हरक सिंह रावत, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, डीजीपी श्री अनिल कुमार रतूड़ी, प्रमुख सचिव श्री आनन्द वर्द्धन, सचिव आयुष श्री आर.के. सुधांशु, सचिव डाॅ. भूपेन्द्र कौर औलख, श्री अमित नेगी, श्री नितेश झा, डीजी कानून व व्यवस्था श्री अशोक कुमार, जिलाधिकारी देहरादून श्री एस.ए. मुरूगेशन, एसएसपी देहरादून श्रीमती निवेदिता कुकरेती व सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »