DEHRADUNUTTARAKHAND

देहरादून में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पर FIR, मंच से गाली-गलौज के बाद विवाद; महिला आयोग ने किया तलब

देहरादून में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डालनवाला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 296 (अश्लील कृत्य और गाने), धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान), धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्द या कृत्य) और धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ये मामला सत्यम शिवम छात्र संगठन (डीएवी कॉलेज) के छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। डालनवाला पुलिस ने रात 11 बजे मामला दर्ज किया है। वहीं हरियाणा महिला आयोग ने उन्हें 18 अप्रैल को पंचकूला स्थित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया है।

मामले में देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा कि डीएवी (DAV) कॉलेज में आयोजित छात्र संघ समारोह में मासूम शर्मा ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। मामले में थाना डोईवाला ने संज्ञान लिया है और मामले में विस्तृत जांच की गई, जिसके बाद मासूम शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

इससे पहले पुलिस ने सिंगर को नोटिस जारी कर दिया था। उनसे 15 दिन के अंदर जवाब देने को कहा था।
अब पढ़िए मासूम ने आखिर स्टेज से क्या कहा।

दरअसल शनिवार को मासूम उत्तराखंड के देहरादून में DAV कॉलेज में शो करने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में सीएम धामी भी पहुंचे थे। धामी की एंट्री के वक्त दोनों ही एक दूसरे का हाथ ऊपर उठाते भी नजर आए। वहीं मासूम के करीबी माने जाने वाले खानपुर सीट से विधायक उमेश कुमार भी मंच पर ही मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान मासूम ने अपने कई हिट गाने गाए। वहीं शो खत्म होने के बाद वो भड़क गए। उन्होंने मंच से ही उस युवक को गालियां देनी और चैलेंज देना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं जिसमें विधायक उमेश कुमार उन्हें रोकते हुए भी दिख रहे हैं लेकिन मासूम काफी गुस्से में थे और उन्होंने कहा-

देहरादून में प्रोग्राम कर रहा हूं, अगर तेरे में दम है तो यहां आ, हयात छोड़ यहां आ और टाइम देख के आ।

इस दौरान मासूम ने मंच से ही गालियां भी दीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा- बेटे तेरा नाम डिस्क्लोज नहीं करूंगा नहीं तो तू बर्बाद हो जाएगा।

सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए तो माफी मांगी

कार्यक्रम में मासूम शर्मा की गाली देने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और वो ट्रोलिंग का शिकार हुए तो उन्होंने एक वीडियो जारी कर मागी मांगी उन्होंने पूरा वाकया बताते हुए कहा कि रात को बदमाश उनके होटल के चक्कर काट रहा था पूरी टीम सोई नहीं थी और उनके चाचा के लड़के को भी उल्टा सीधा बोला गया था जिसके कारण वो परेशान थे।

उन्होंने आगे कहा-

अगर किसी भाई बहन की भवना को ठेस पहुंची है तो मैं उसके लिए क्षमा प्राथी हूं।

क्या था मामला-

रात डेढ़ बजे आया धमकी भरा कॉल

कार्यक्रम से जुड़े सदस्य के मुताबिक, “10 अप्रैल को मासूम देहरादून के फाइव स्टार होटल हयात रेजिडेंसी में रुके थे। रात करीब डेढ़ बजे कुछ लड़कों ने अमेरिका में रहने वाले मासूम के चचेरे भाई को कॉल किया और कहा कि अपने भाई को बोल दो कि कल शो नहीं करेगा, नहीं तो स्टेज पर ही मार देंगे।”

उन्होंने बताया, “रात में होटल के आसपास कुछ लड़के घूम रहे थे। ये प्रेमनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ स्टूडेंट थे, लेकिन ये बाहर के थे। टीम को उनकी मूवमेंट संदिग्ध लगी थी।”

पूरी रात अलर्ट रही टीम, किसी ने नहीं सोया

सदस्य के अनुसार, “जब धमकी की जानकारी मिली तो पूरी टीम अलर्ट हो गई। मासूम भी काफी परेशान हो गए थे। पूरी टीम रात भर सो नहीं पाई और लगातार इस बात पर नजर रखी कि कहीं कोई दिक्कत न हो जाए।”

उन्होंने कहा, “अगले दिन जब शो शुरू हुआ तो सब कुछ नॉर्मल था और कार्यक्रम सही तरीके से पूरा हो गया। लेकिन शो खत्म होने के बाद मासूम को रात वाली बात याद आ गई और वही गुस्सा स्टेज पर निकल गया।”

स्टेज से दी चुनौती, गाली देकर कहा-अब जो करना है कर लो

सदस्य ने बताया, “शो खत्म होने के बाद मासूम ने स्टेज से कहा कि मैं देहरादून में शो कर चुका हूं, अब जो करना है कर लो। उन्होंने ये बात गुस्से में गाली देकर कही। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांग ली।”

Related Articles

Leave a Reply

2

Back to top button
Translate »