NATIONAL

सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश का निधन

लिवर सिरोसिस से पीड़ित अग्निवेश के कई प्रमुख अंगों ने काम करना कर दिया था बंद 

देवभूमि मीडिया ब्यूरो 
नई दिल्ली : सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश का निधन हो गया है। वह 81 वर्ष के थे और पिछले कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। लिवर सिरोसिस से पीड़ित अग्निवेश के कई प्रमुख अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण मंगलवार से ही वेंटिलेटर पर थे। वह दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी सांइसेज (Institute of Liver and Biliary Sciences) में इलाज करवा रहे थे। 
ILBS ने स्वामी अग्निवेश के निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि स्वामी अग्निवेश को शुक्रवार शाम 6 बजे कार्डियक अरेस्ट हुआ। उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की गई, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने शाम 6.30 बजे अंतिम सांस ली।निधन की जानकारी देते हुए स्वामी अग्निवेश के फेसबुक पेज पर बताया गया कि उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए नई दिल्ली के 7 जंतर-मंतर रोड कार्यालय पर शनिवार सुबह 11 से 2 बजे तक रखा जाएगा। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि उनका अंतिम संस्कार वैदिक रीति से अग्निलोक आश्रम, बहलपा जिला गुरुग्राम में शाम चार बजे किया जाएगा। 
अस्पताल के एक प्रवक्ता ने कहा, ”वह लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे और आज उनकी हालत बिगड़ गई। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया और शाम 6 बजे हृदयाघात आने के बाद उनका निधन हो गया।” उन्होंने कहा कि स्वामी अग्निवेश को पुन: होश में लाने की कोशिश की गयी लेकिन शाम साढ़े 6 बजे उनका निधन हो गया।
अक्सर चर्चा में रहने वाले और समाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने वाले स्वामी अग्निवेश ने 1970 में अग्निवेश ने आर्य सभा नाम की राजनीति पार्टी बनाई थी। 1977 में वह हरियाणा विधासनभा में विधायक चुने गए और हरियाणा सरकार में शिक्षा मंत्री भी रहे। 1981 में उन्होंने बंधुआ मुक्ति मोर्चा नाम के संगठन की स्थापनी की।
स्वामी अग्निवेश ने 2011 में अन्ना हजारे की अगुवाई वाले भ्रष्टाचार-विरोधी आंदोलन में भी हिस्सा लिया था। हालांकि, बाद में मतभेदों के चलते वह इस आंदोलन से दूर हो गए थे। स्वामी अग्निवेश ने रियलिटी शो बिग बॉस में भी हिस्सा लिया था। वह 8 से 11 नवंबर के दौरान तीन दिन के लिए बिग बॉस के घर में भी रहे। 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »