देहरादून : बोर्ड परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं गोपनीय संचालन के लिए जनपद स्तरीय बैठक का आयोजन, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने की बैठक

देहरादून : वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं गोपनीय संचालन के लिए जनपद स्तरीय बैठक का आयोजन विज्ञान धाम, देहरादून में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने की। बैठक में सभी केंद्र व्यवस्थापक, कस्टोडियन, प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। लगभग ढाई सौ से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल ने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन एवं प्रेषण की समस्त प्रक्रिया शासनादेशानुसार सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाचार्या प्रेमलता बौड़ाई, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड ने जनपद में स्थापित संकलन, उप-संकलन एवं मूल्यांकन केंद्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद देहरादून के कुल 123 परीक्षा केंद्रों की उत्तरपुस्तिकाओं का संकलन किया जाएगा। इनमें 60 केंद्रों की प्रतियाँ रा.बा.इं.का. राजपुर रोड, 21 केंद्रों की प्रतियाँ श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज तथा 42 केंद्रों की प्रतियाँ राजकीय इंटर कॉलेज, डाकपत्थर में संकलित की जाएँगी। उप-संकलन केंद्र के रूप में मॉडल रा.इं.का., डाकपत्थर एवं श्री भारत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश नामित किए गए हैं। मूल्यांकन केंद्र रा.बा.इं.का. राजपुर रोड तथा राजकीय इंटर कॉलेज, हरबर्टपुर निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षाएँ 16 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक संपन्न हो चुकी हैं । इंटरमीडिएट परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तथा हाईस्कूल परीक्षा 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षाओं की गोपनीयता एवं सुरक्षा के दृष्टिगत डबल लॉक प्रणाली लागू की गई है। प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिकाएँ डबल लॉक युक्त स्टील अलमारी में सुरक्षित रखी जाएँगी। प्रथम चाबी उप-नियंत्रक (प्रधानाचार्य) तथा द्वितीय चाबी भंडार नियंत्रक के पास रहेगी। प्रश्नपत्र विषय, दिनांक एवं संकेतांक के मिलान के उपरांत अधिकृत साक्षियों की उपस्थिति में ही खोले जाएँगे। कोषागार/भंडार कक्ष में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा दैनिक अभिलेखों का संधारण अनिवार्य होगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए पृथक एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए प्रति घंटा 20 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी देहरादून के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम प्रोजेक्ट उत्कर्ष की अद्यतन प्रगति भी साझा की गई तथा विद्यालयों में संसाधन उपलब्ध करवाने के जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल के प्रयासों हेतु उनका विशेष आभार व्यक्त किया गया तथा डॉ० अंकित जोशी द्वारा मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा संचालित नवाचारी कार्यक्रम लक्ष्य के सम्बंध में बताया गया । लक्ष्य कार्यक्रम के अंतर्गत इसके ऑनलाइन प्लेटफार्म को अभी तक एक लाख दस हजार बार से अधिक जा चुका है तथा इसमें दिए गए क्विज को रुचिकर रूप में विकसित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्व निर्वहन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिषदीय परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रक्रिया है, अतः किसी भी स्तर पर त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल मुख्य शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने के निर्देश दिए गए तथा जिला प्रशासन द्वारा सतत समन्वय बनाए रखने की बात कही गई।
बैठक में पुलिस विभाग, जिला प्रशासन, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) तथा सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ० अंकित जोशी द्वारा किया गया।


