मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को भेजे गये पत्र में जिलों में विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा करने को कहा है
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रदेश के सभी मंत्रियों से अपने प्रभार वाले जनपदों का भ्रमण कर जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक/समन्वय कर कोरोना वायरस के निरन्तर बढ़ रहे प्रभाव तथा अतिवृष्टि के कारण प्रभावित हो रहे जनजीवन के दृष्टिगत प्रभावी अनुश्रवण करने की अपेक्षा की है।
मुख्यमंत्री ने इस सम्बन्ध में मंत्रियों को भेजे गये पत्र में स्पष्ट किया है कि सभी प्रभारी मंत्रियों द्वारा अपने प्रभार वाले जनपदों का भ्रमण कर जिलाधिकारियों के साथ गहनता से अनुश्रवण किए जाने से राहव व बचाव कार्यों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों से जनपदों में संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने जनपदों के भ्रमण के पश्चात समीक्षा बैठकों की आख्या भी उन्हें उपलब्ध कराने को कहा है।