Uttarakhand

उत्तराखंड का शीघ्र ही आरंभ होगा अलग दूरदर्शन चैनल

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री से अनिल बलूनी ने की भेंट

देहरादून : उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से भेंट कर काफी समय से लंबित उत्तराखंड के पृथक दूरदर्शन चैनल को शीघ्र प्रारंभ करने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य सभा सदस्य अनिल बलूनी ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी इस संबंध में प्रयास किए थे। पृथक चैनल होने से राज्य की संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज को संरक्षण तो मिलेगा ही, स्थानीय लोक कलाकारों को भी मंच मिलेगा और लोक संस्कृति के संरक्षण के क्षेत्र में यह मील का पत्थर साबित होगा।

बलूनी ने कहा कि हिमालयी संस्कृति बहुत ही समृद्ध, सुसंस्कृत और आध्यात्मिक है, जिसके संरक्षण के लिए अलग चैनल का होना आवश्यक है ताकि इस समृद्ध संस्कृति से देश और दुनिया के लोग परिचित हो सकें। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने विश्वास दिलाया कि शीघ्र ही प्रदेश का अपना दूरदर्शन चैनल कार्य करना प्रारंभ कर देगा और एक सप्ताह के भीतर इसकी कार्ययोजना तैयार कर दी जाएगी। सांसद बलूनी ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए अपेक्षा की कि जल्द ही राज्य का अलग चैनल सेवा देना प्रारंभ कर देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »