Uttar Pradesh

यूपी में 11वीं-12वीं की कक्षाएं चलेंगी ऑनलाइन,केवल वैक्सीनेशन के लिए ही बुलाया जाएगा स्कूल

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने उच्चस्तरीय टीम-9 के साथ बैठक की. इस बैठक में सीएम ने कोरोना (Corona) के नए मामलों में हो रही की बढ़ोतरी और इसके नए वैरिएंट ओमिक्रोन (Omicron) को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश (Guidelines) दिए. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर एक प्रदेशवासी के जीवन और जीविका की सुरक्षा के लिए संकल्पित है. इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम भी मिल रहे हैं.

प्रदेश में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. अतः उन्हें सही, सटीक और पूरी जानकारी दी जाएं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह वैरिएंट पूर्व के वैरिएंट्स की तुलना में बहुत कम नुकसानदेह है. वैक्सीन कवर ले चुके स्वस्थ-सामान्य व्यक्ति के लिए यह बड़ा खतरा नहीं है. कोरोना प्रोटोकॉल का हर हाल में अनुपालन जरूरी है. इस समय पैनिक होने की नहीं, सावधानी रखने की जरूरत है.

10वीं तक के सभी स्कूलों में 16 जनवरी तक अवकाश 
उन्होंने टीम को निर्देश देते हुए कहा कि कक्षा 10वीं तक के सभी स्कूलों में 16 जनवरी तक अवकाश घोषित किया जाएं. कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों को केवल टीकाकरण के लिए ही विद्यालय बुलाया जाए. टीकाकरण तिथि व अगले दिवस इन बच्चों को अवकाश दिया जाए. शेष अवधि में 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों की कक्षाएं केवल ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएं. आंगनबाड़ी के बच्चों का पोषाहार उनके घर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएं. इन बच्चों को केंद्र न बुलाया जाएं.

प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस 5158 है 
बीते 24 घंटों में हुई 1 लाख 92 हजार 430 सैम्पल की जांच में कुल 2038 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई. इसी अवधि में 51 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए. आज प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 5158 है. अतः लोगों को मास्क पहनने, टीकाकवर लेने और सोशल डिस्टेन्सिंग के लिए प्रेरित किया जाए. बचाव का यह सर्वोत्तम प्राथमिक उपाय है.

राज्य में 7 करोड़ 58 लाख लोगों ने लिए टीके के दोनों डोज
कोविड से बचाव के लिए अति महत्वपूर्ण टीकाकरण का कार्य प्रदेश में सुचारू रूप से चल रहा है. 18 वर्ष से अधिक आयु के 13 करोड़ से अधिक लोगों ने अब तक टीके की पहली खुराक प्राप्त कर ली है, जबकि 7 करोड़ 58 लाख से अधिक लोग कोविड टीके का दोनों डोज लेकर सुरक्षा कवर पा चुके हैं. 20 करोड़ 63 लाख से अधिक कोविड टीकाकरण और 9 करोड़ 37 लाख से अधिक टेस्टिंग करके उत्तर प्रदेश टेस्टिंग और टीकाकरण देश में प्रथम स्थान पर है. विगत दिवस तक 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों के कोविड टीकाकरण में 4 लाख 60 हजार से अधिक किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है. टीके की उपयोगिता को देखते हुए जल्द से जल्द सभी पात्र लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएं. अधिकाधिक स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएं.

नई कोविड गाइडलाइंस जारी 
बदलती परिस्थितियों व्यापक जनहित के दृष्टिगत स्वास्थ्य विशेषज्ञों के परामर्श के अनुसार नवीन कोविड गाइडलाइंस जारी की गई हैं. इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. जिन जनपदों में एक्टिव केस की न्यूनतम संख्या 1000 से अधिक हो जाए, वहां नई व्यवस्था लागू होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »