कई राज्यों में फंसे हुए लोगों को उत्तराखंड लाने की प्रक्रिया चल रही
पुणे से लालकुआं स्पेशल रेल आज रात्रि दस बजे प्रस्थान करेगी
त्रिवेन्द्रम से हरिद्वार स्पेशल रेल 26 मई सुबह पांच आगमन करेगी
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड आने के लिए देशभर से दो लाख से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। कल तक राज्य में 1.60 लाख लोग विभिन्न माध्यमों से पहुंच चुके थे। वहीं कई राज्यों में फंसे लोगों को ट्रेनों तथा बसों से लाने की प्रक्रिया चल रही है।
अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने के लिए 2,08,935 लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। 24 मई तक विभिन्न राज्यों से उत्तराखंड आने वाले व्यक्तियों की संख्या 1,60,019 है। इनमें दिल्ली से 58,266,यूपी से 24,902, हरियाणा से 23,759, महाराष्ट्र से 9894, चंडीगढ़ से 9658, पंजाब से 9439, राजस्थान से 8923, गुजरात से 7957, कर्नाटक से 5770, अन्य राज्यों से 1451 लोग शामिल हैं। उत्तराखंड से अन्य राज्यों में जाने के लिए 48,907 लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें सबसे अधिक 44,128 लोग जा चुके हैं।
सरकार ने बताया कि गुजरात, तेलंगाना, पुणे, सूरत, दिल्ली, चैन्नई, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में फंसे हुए व्यक्तियों को रेल एवं बस से लाने की प्रक्रिया चल रही है।
पुणे से लालकुआं स्पेशल रेल आज रात्रि दस बजे प्रस्थान करेगी। त्रिवेन्द्रम से हरिद्वार स्पेशल रेल 26 मई सुबह पांच आगमन करेगी।
जयपुर से काठगोदाम तथा दिल्ली से हरिद्वार एवं काठगोदाम स्पेशल रेल आगामी दो -तीन दिन में प्रस्तावित है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर एवं बहेड़ी से उत्तराखंड तथा उत्तराखंड से मुजफ्फरनगर एवं बहेड़ी लोगों को बसों के माध्यम से लाने एवं भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
26 मई से 28 मई तक देहरादून से फैजाबाद, गोरखपुर, रायबरेली के लगभग 5,044 प्रवासियों भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
नेपाल से बनबसा के रास्ते 29 मई को 295 व्यक्तियों, जिनमें 25 उत्तराखंड प्रवासी भी शामिल हैं का आना प्रस्तावित है।30 मई को नेपाल से 385 भारतीय नागरिकों का आगमन प्रस्तावित है। उत्तराखंड आने वाले समस्त प्रवासी व्यक्तियों को जो अपने स्वयं के वाहन से उत्तराखंड आना चाहते हैं, को तेजी से पास जारी किये जा रहे हैं।