केदारनाथ क्षेत्र के विधायक मनोज रावत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि नियमों को हवाला देकर प्रवासियों से अधिक किराया वसूला जा रहा है
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। केदारनाथ क्षेत्र के विधायक मनोज रावत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि देशभर से कई गुना किराया देकर आ रहे प्रवासियों को नियमों को हवाला देकर उनसे अधिक किराया वसूला जा रहा है। इन लोगों को अपने घरों तक पहुंचाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का इंतजाम किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक रावत ने कहा कि देशभर से बहुत अधिक किराया देकर राज्य के प्रवेश द्वारों ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून, कोटद्वार, रामनगर, हल्द्वानी और टनकपुर पहुंच रहे लोगों को नियमों का हवाला देकर निराश किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दुनियाभहर की हवाई सेवाओं से भी कई गुना किराया वसूला जा रहा है। पहले से ही कई गुना किराया देकर लुट चुके प्रवासियों को अपने घर पहुंचने के लिए बहुत अधिक किराये पर वाहन बुक करने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का इंतजाम कराया जाए।