World News

COVID-19 : दुनिया के पहले कोरोना संक्रमित ने बताया कैसे वह हुई संक्रमित

कोरोना वायरस की चपेट में सबसे पहले आई महिला वुहान के सी-फूड मार्केट में झींगे बेचती है गुइजियान

वैश्विक स्तर पर कोरोना से 33 हजार से ज्यादा की मौत

देवभूमि मीडिया ब्यूरो 

नई दिल्ली : दुनिया में कोरोना वायरस के पहले मरीज के तौर पर चीन की 57 साल की एक महिला की पहचान हुई है। जो चीन के वुहान में झींगे बेचती थी। इसका नाम वेई गुइजियान है और इसे पेशेंट जीरो बताया जा रहा है।

कोरोना वायरस के कारण पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है। दुनिया में अब तक करीब 7 लाख लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वहीं 32 हजार से ज्यादा लोगों की ये वायरस जान भी ले चुका है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कोरोना वायरस से पीड़ित दुनिया का पहला मरीज कौन है?

दुनिया में कोरोना वायरस के पहले मरीज के तौर पर चीन की 57 साल की एक महिला की पहचान हुई है। जो चीन के वुहान में झींगा बेचती थी। इसका नाम वेई गुइजियान है और इसे पेशेंट जीरो बताया जा रहा है। पेशेंट जीरो उस मरीज को कहते हैं, जिसमें सबसे पहले किसी बीमारी के लक्षण देखे जाते हैं।

कोरोना के पेशेंट जीरो में अब वायरस की मौजूदगी खत्म

हालांकि कोरोना के पेशेंट जीरो में अब वायरस की मौजूदगी खत्म हो चुकी है। करीब एक महीने तक चले इलाज के बाद ये महिला पूरी तरह से ठीक हो चुकी है। महिला जनवरी में ही कोरोना वायरस से मुक्त हो चुकी थी। हालांकि ये जरूरी नहीं है कि जिस व्यक्ति में सबसे पहले लक्षण दिखें वही पहला संक्रमित व्यक्ति हो।

चीन की न्यूज वेबसाइट ‘द पेपर’ की रिपोर्ट के हवाले से इस महिला के पेशेंट जीरो होने की खबर दुनियाभर के मीडिया की सुर्खियां बन चुकी है। दुनिया भर की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये महिला उस समय संक्रमित हुई, जब वह वुहान के सी-फूड मार्केट में 10 दिसंबर को झींगे बेच रही थीं।

इस महिला ने बताया, ‘मुझे हर बार ठंड के मौसम में सर्दी-जुकाम हो जाता है। 10 दिसंबर को ऐसा ही हुआ। मुझे थोड़ी ज्यादा थकान लगने लगी। मैं उसी दिन अपने पास के एक क्लीनिक पर गई और दवा लेने के बाद फिर से मार्केट में अपना काम करने लगी। मेरी हालत बिगड़ने लगी तो मैंने वुहान के द इलेवंथ हॉस्पिटल में डॉक्टर को दिखाया। वहां पर भी मेरी बीमारी का पता नहीं चला और मुझे दवाइयां दे दी गईं। ‘

31 दिसंबर को 27 मरीजों में शामिल थी संक्रमित महिला

इसके बाद 31 दिसंबर को इस महिला को कोरोना वायरस से पीड़ित बताया गया। महिला उन 27 मरीजों में शामिल थी, जिन्हें सबसे पहले कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। शुरुआत में चीन के प्रशासन ने लापरवाही बरती और इस महिला से इसके परिवार को और फिर दूसरे कई लोगों को संक्रमण हो गया। चीन के प्रशासन ने दिसंबर के आखिर में इस महिला को क्वारंटीन किया।

अमेरिकी मीडिया ने महिला को बताया पहला मरीज

कई ऐसी रिपोर्ट्स हैं जिनके मुताबिक चीन ने कम से कम 250 ऐसे लोगों की पहचान की है, जिन्हें 2019 में ही कोरोना वायरस का संक्रमण हो गया था। अमेरिकी मीडिया ने भी इस महिला को ही पहला मरीज बताया था, लेकिन चीन सरकार ने इस बात को खारिज किया था कि ये महिला पेशेंट जीरो है।

अमेरिकी सेना की प्रयोगशाला ने तैयार किया : चीन की थ्योरी 

वहीं चीन की थ्योरी है कि ये वायरस अमेरिकी सेना की प्रयोगशाला ने तैयार किया है। इसके बाद दोनों देशों में जुबानी जंग छिड़ गई थी। 57 साल की इस महिला ने कहा है कि अगर चीन की सरकार ने समय पर कदम उठाए होते तो मरने वालों की संख्या कम होती।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »