देहरादून। कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग प्रतिदिन हेल्थ बुलेटिन जारी कर रहा है। देर शाम को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार उत्तराखंड में अभी तक सात लोगों में कोरोना संक्रमण पॉजिटिव मिला था। आवश्यक एहतियात बरतने के बाद इनमें से तीन के सैंपल की रिपोर्ट नैगेटिव मिली। अभी तक राज्य में कोरोना के चार केस पॉजिटिव हैं।
सोशल मीडिया में राज्य की जनता से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अपने गांवों में आए हुए हैं। गांव के प्रधान व आशा कार्यकर्ता अच्छा काम कर रहे हैं लेकिन उन्हें लोगों का सहयोग नहीं मिल पा रहा है। लोग एक दूसरे से मिलने घरों पर पहुंच रहे हैं। इस समय घरों में रहना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान गरीबों व जरूरतमंदों के खाने-पीने का इंतजाम करने वालों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा 31 मार्च को 35 हजार लोगों को खाने के पैकेट पहुंचाने की बात भी की। उन्होंने लोगों से आसपड़ोस में घूमने वाले जानवरों को खाना देने की भी अपील की।