ऐसे बच्चों और उनके अभिभावकों की नियमित रूप से हो काउंसलिंग
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
हल्द्वानी। नैनीताल जिला में बालश्रम पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए नियमित छापेमारी के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराकर उनका स्कूलों में दाखिला कराया जाए। इन बच्चों और उनके अभिभावकों की नियमित रूप से काउंसलिंग की जाए।
हल्द्वानी में श्रम विभाग की बैठक में जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि बाल श्रम कराने वाले दुकानों, कारखानों व प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इनके विरुद्ध जुर्माने के साथ मुकदमा दर्ज कराया जाए। डीएम ने कहा कि यदि स्कूलों में बच्चे लम्बे समय से अनुपस्थित रहते हैं तो इस बात की सूचना प्रधानाचार्य,जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से श्रम विभाग को दें, ताकि बच्चों को तलाशा जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस विभाग भी आपरेशन मुक्ति के अन्तर्गत बच्चों को भिक्षा नहीं, शिक्षा दो अभियान चला रहा है। पुलिस ने स्लम एरिया में 166 बच्चे चिन्हित किए हैं, जिनके अभिभावकों एव बच्चोें की नियमित काउंसिलिंग की जा रही हैै। इन बच्चों को अगले सत्र से स्कूलों मे दाखिला कराया जाएगा। बैठक में सहायक श्रमायुक्त उमेद सिह,एलईओ दीपक कुमार,धरोहर के प्रकाश चन्द्र पांडे,उमा भंडारी आदि उपस्थित रहे।