HEALTH NEWSNATIONAL

कोविड-19ः भारत में अब तक 43 लोगों में पुष्टि, केरल में तीन को अस्पताल से छुट्टी

कोविड के 3003 नमूनों की जांच में से 43 के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जबकि 2694 नमूने नैगेटिव पाए गए

देवभूमि मीडिया ब्यूरो 

नई दिल्ली। अब तक देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के कुल 43 पुष्‍ट मामलों की जानकारी मिली है। इनमें से केरल में संक्रमित तीन लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, बाकी 40 मामले सक्रिय संक्रमण के हैं। कल से अब तक जिन चार नए मामलों की जानकारी मिली है,  इनमें से एक केरल के एर्नाकुलम से, एक दिल्‍ली से, एक उत्तर प्रदेश से और एक जम्‍मू से है।

केरल में कल जिन पांच नये मामलों का पता चला था, उनमें से तीन लोग ऐसे हैं जिन्‍होंने हाल ही में इटली की यात्रा की थी और दो अन्‍य उनके परिजन हैं, जो उनके संपर्क में आए थे। इन लोगों ने हाल ही में कुछ पारिवारिक समारोह में हिस्‍सा लिया था और अपने कुछ रिश्‍तेदारों से मिलने गए थे। उनके संपर्क में आए व्‍यक्तियों का पता लगाया जा रहा है।

कोविड के 3003 नमूनों की जांच में से 43 के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जबकि 2694 नमूने नैगेटिव पाए गए हैं।

अब तक विदेशों से आने वाली 8255 उड़ानों के कुल आठ लाख 74 हजार 708 यात्रियों की हवाई अड्डों पर स्‍क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें से 1921 के कोरोना से संक्रमित होने का संदेह है। इनमें से 177 को अस्‍पताल में भर्ती किया गया है। कुल 33 हजार 599 यात्रियों को निगरानी में रखा गया है। 21हजार 867 यात्रियों की निगरानी अवधि पूरी हो चुकी है।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे हवाई अड्डों पर स्‍वघोषित प्रपत्र भरते समय अपनी यात्रा की पूरी जानकारी स्‍पष्‍ट रूप से दें और यह बताएं कि वह किन-किन स्‍थानों की यात्रा कर चुके हैं।

स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय के विशेष सचिव ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक मरीज के कोरोना संक्रमण की जांच की गई थी, जो नैगेटिव पाई गई है। देश में कोरोना संक्रमण से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।

केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री डा. हर्षवर्धन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और संक्रमण से निपटने की तैयारियों और प्रयासों की समीक्षा कर रहे हैं। स्‍वास्‍थ्‍य सचिव भी राज्‍य सरकारों और संघ शासित प्रदेशों के साथ संपर्क कर नियमित रूप से स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वह खांसते और छींकते समय सावधानी बरतें, हाथों की सफाई का पूरा ध्‍यान रखें, भीड़-भाड़ वाले स्‍थानों से बचें और क्‍या करना चाहिए और क्‍या नहीं करना चाहिए इस बारे में जारी सलाह का पालन करें।

devbhoomimedia

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) : देवभूमि मीडिया.कॉम हर पक्ष के विचारों और नज़रिए को अपने यहां समाहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह जरूरी नहीं है कि हम यहां प्रकाशित सभी विचारों से सहमत हों। लेकिन हम सबकी अभिव्यक्ति की आज़ादी के अधिकार का समर्थन करते हैं। ऐसे स्वतंत्र लेखक,ब्लॉगर और स्तंभकार जो देवभूमि मीडिया.कॉम के कर्मचारी नहीं हैं, उनके लेख, सूचनाएं या उनके द्वारा व्यक्त किया गया विचार उनका निजी है, यह देवभूमि मीडिया.कॉम का नज़रिया नहीं है और नहीं कहा जा सकता है। ऐसी किसी चीज की जवाबदेही या उत्तरदायित्व देवभूमि मीडिया.कॉम का नहीं होगा। धन्यवाद !

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »