UTTARAKHAND

खंड शिक्षा अधिकारी पर कार्रवाई को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

खंड शिक्षा अधिकारी पर कार्रवाई को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

पौड़ी गढ़वाल जनपद के अंतर्गत एक शिक्षक का खंड शिक्षा अधिकारी, थलीसैंण के विरुद्ध विभिन्न बिंदुओं पर शिकायत दर्ज करते हुए सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हो रहा है । इस संबंध में एससीईआरटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ० अंकित जोशी द्वारा जब मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी से मामले की निष्पक्ष जांच हेतु आग्रह किया गया तो मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि विधिवत मुझ तक अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं पहुंची है।

शिकायत विधिवत पहुंचने पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी । वायरल पत्र में शिक्षक द्वारा बीते तीन–चार वर्षों के दौरान मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न, वेतन आहरण में कटौती, अनावश्यक प्रतिकूल प्रविष्टि, व्हाट्सएप समूहों में अनुचित टिप्पणियां तथा अन्य प्रशासनिक कार्यवाहियों के संबंध में गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता शिक्षक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बिना पूर्व सूचना एवं पर्याप्त कारण के वेतन में कटौती की गई तथा अनावश्यक दबाव बनाया गया। साथ ही, विद्यालय में शैक्षणिक कार्यों के बावजूद प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने पर भी आपत्ति दर्ज की गई है।

उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि यदि इस संबंध में सक्षम स्तर से औपचारिक एवं प्रमाणित शिकायत प्राप्त होती है, तो मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तथ्यों के आधार पर ही उचित निर्णय लिया जाएगा। प्रदेश में यह मामला शिक्षकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं विभाग द्वारा निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद प्रकरण के समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

“मुख्य शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया है कि विधिवत शिकायत प्राप्त होने पर प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए तथा सेवा नियमों एवं प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों की रक्षा हो। मुझे विश्वास है कि सक्षम प्राधिकारी तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लेंगे तथा दोषी के विरुद्ध कार्यवाही करेंगे, शिक्षक पर लगे आरोप निराधार पाये जाने पर उनका रुका हुआ वेतन तथा अन्य दण्ड तत्काल समाप्त होंगे और शिक्षक के साथ न्याय होगा।”

-डॉ० अंकित जोशी

पूर्व अध्यक्ष, एससीईआरटी शाखा

राजकीय शिक्षक संघ ।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »