UTTARAKHAND

केदारनाथ में नए रावल की घोषणा पर बड़ा विवाद

केदारनाथ में नए रावल की घोषणा पर बड़ा विवाद

श्री केदारनाथ धाम में नए रावल की घोषणा को लेकर अब विवाद सामने आ रहा है।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने इस पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

घोषणा से पूर्व ही नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे है.

बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि श्री केदारनाथ धाम के वर्तमान रावल भीमाशंकर लिंग जी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में अपने शिष्य शिवाचार्य शांति लिंग (केदार लिंग) को उत्तराधिकारी घोषित किया है।

बताया गया कि स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने यह घोषणा की। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का बयान समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ है,

जिसमें कहा गया है कि अभी तक रावल भीमाशंकर लिंग जी द्वारा कोई औपचारिक त्यागपत्र नहीं दिया गया है।

ऐसे में नए रावल की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ ही नहीं हो सकती। पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि यह वक्तव्य पूरी तरह गलत है।

अजेंद्र अजय ने कहा कि मंदिर समिति अधिनियम के अनुसार रावल, नायब रावल सहित सभी नियुक्तियों का अधिकार केवल BKTC को है। ये पद भले ही धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पूजनीय हों,

लेकिन इनकी नियुक्ति, वेतन और सेवा शर्तें मंदिर समिति के अधीन आती हैं।

उन्होंने अपने कार्यकाल का उदाहरण देते हुए बताया कि श्री बदरीनाथ धाम के तत्कालीन रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी जी ने स्वास्थ्य कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति हेतु निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया था,

जिसे स्वीकार कर नायब रावल को प्रभारी रावल बनाया गया और फिर विधिवत विज्ञापन व साक्षात्कार के माध्यम से नियुक्ति की गई।

पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम के रावल कर्नाटक के शैव लिंगायत समुदाय से होते हैं।

वर्ष 2000 से पूर्व अधिकांश रावल आजीवन पद पर रहे हैं। सिद्धेश्वर लिंग जी ने स्वास्थ्य कारणों से त्यागपत्र दिया था, जिसके बाद भीमाशंकर लिंग जी की नियुक्ति हुई थी।

उस समय भी उनके पट्टाभिषेक को लेकर ऊखीमठ में आंदोलन तक हुआ था।

अजेंद्र अजय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना विधिवत त्यागपत्र दिए किसी भी प्रकार से उत्तराधिकारी घोषित करना न तो परंपराओं के अनुरूप है और न ही प्रशासनिक दृष्टि से उचित।

उन्होंने सवाल उठाया कि नांदेड़ में आयोजित कार्यक्रम के लिए क्या मंदिर समिति से अनुमति ली गई थी? साथ ही “रूप छड़ी” को महाराष्ट्र ले जाने की अनुमति किसने दी और समिति के कर्मचारी वहां कैसे पहुंचे?

अब इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने BKTC अध्यक्ष से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए और बिना अनुमति परंपराओं को तोड़ने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

अजेंद्र अजय ने बताया कि उनके कार्यकाल में मंदिर समिति के कार्मिकों की सेवा नियमावली को कैबिनेट से स्वीकृति दिलाई गई थी और श्री केदारनाथ धाम के रावल की नियुक्ति हेतु भी नियमावली तैयार की गई थी,

लेकिन कार्यकाल समाप्त होने के कारण उसे अंतिम स्वीकृति नहीं मिल पाई।

उन्होंने वर्तमान BKTC अध्यक्ष से आग्रह किया कि इस नियमावली को शीघ्र कैबिनेट से पारित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के विवाद उत्पन्न न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »