HEALTH NEWS

केंद्र का बड़ा ऐलान : देशभर में मुफ्त लगाई जाएगी कोरोना की वैक्सीन : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन

भारतीयों को टीका लगाने की जरूरत ही नहीं,उतनी आबादी को टीका लगाया जाएगा जिससे कोरोना के प्रति हर्ड इम्युनिटी विकसित हो जाए

देवभूमि मीडिया ब्यूरो 

नई दिल्ली : देशभर में आज से चल रहे कोरोना वैक्सीनेशन के ड्राई रन के बीच स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि देशभर में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शनिवार को दिल्ली के गुरु तेगबहादुर अस्पताल पहुंचकर कोरोना वैक्सीन के ड्राई रन का जायजा लेने पहुंचे थे। दिल्ली में कोरोना वैक्सीनेशन के ड्राई रन का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में हर्षवर्धन ने कहा कि सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी।

हालांकि, यहां यह बात महत्वपूर्ण है कि सभी नागरिकों को कोरोना का टीका नहीं लगेगा। सरकार पहले भी कई मौकों पर स्पष्ट कर चुकी है कि सभी भारतीयों को टीका लगाने की जरूरत ही नहीं होगी। सिर्फ उतनी आबादी को टीका लगाया जाएगा जिससे कोरोना के प्रति हर्ड इम्युनिटी विकसित हो जाए यानी कोरोना संक्रमण की चेन टूट जाए।

अब स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन्हें भी कोरोना की वैक्सीन लगेगी, उनसे इसके लिए एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा। टीका किन्हें लगेगा, ये सरकार चिह्नित कर रही है। पहले चरण में 51 लाख लोगों को टीका लगाया जाएगा जिनमें हेल्थकेयर वर्कर, कोरोना वॉरियर, 50 साल से ज्यादा उम्र के लोग या किसी अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग होंगे।

गौकरतलब हो कि देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कुल 116 जिलों में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन चल रहा है। इसके लिए कुल 259 वैक्सीनेशन बूथ बनाए गए हैं। दरअसल, ड्राई रन में किसी वैक्सीन का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है बल्कि सिर्फ इसकी जांच की जा रही है कि वैक्सीनेशन के लिए बनाई गई योजना कितनी कारगर है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »