देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन 90 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। अभी तक राज्य से कुल 215 प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। 25 जनवरी को बंपर नामांकन होने की संभावना है, क्योंकि इसके बाद गणतंत्र दिवस का अवकाश है और 27 को नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। इसलिएअधिकांश प्रत्याशियों की कोशिश नामांकन पत्र दाखिल करने की होगी।
उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। 27 जनवरी को नामांकन करने का अंतिम दिन होगा। इसके बाद दो दिन का अवकाश है और 30 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि एक फरवरी को नाम वापसी का मौका मिलेगा।
नामांकन के पांचवें दिन कांग्रेस से हरीशचंद्र दुर्गापाल, हीरा सिंह बिष्ट आदि ने और भाजपा से राजकुमार ठुकराल, पुष्कर धामी, मालचंद, प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदीप बतरा आदि ने नामांकन किया। पांचवें दिन देहरादून से सर्वाधिक 13, हरिद्वार और पौड़ी से 11-11, अल्मोड़ा और टिहरी से 10-10, ऊधमसिंहनगर से आठ, नैनीताल से सात, उत्तरकाशी से छह, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग से चार-चार, बागेश्वर और चंपावत से एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया।