देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 17 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
जुलाई में अब तक सामान्य से करीब 23 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पूरे मानसून सीजन में बारिश सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम रही है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



