जम्मू-कश्मीर में उत्तराखंड का लाल शहीद, 21 वर्षीय रोहित रावत ने मातृभूमि पर न्योछावर किए प्राण
टिहरी गढ़वाल जनपद के घनसाली क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सेना की 20 गढ़वाल राइफल्स में तैनात 21 वर्षीय जवान रोहित रावत जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। रोहित रावत घनसाली के मेंडू सिंदवाल गांव के निवासी थे और कम उम्र में ही देश सेवा का सपना पूरा कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जून को जम्मू क्षेत्र में तैनाती के दौरान रोहित रावत वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी शहादत की खबर मिलते ही परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र के लोगों ने शहीद जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
रोहित रावत की शहादत ने पूरे उत्तराखंड को गर्व और दुःख दोनों का एहसास कराया है। लोग उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन कर रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

