अभी तक 48 कोरोना संक्रमित मिले, 50 फीसदी से ज्यादा ठीक हो गए
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को मिली लैब रिपोर्ट में एक भी सैंपल कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया। आज 183 सैंपलों की रिपोर्ट मिली, जिनमें सभी नैगेटिव हैं। अभी तक राज्य में कोरोना संक्रमित मिले मामलों की संख्या 48 है। वहीं 26 लोग उपचारित होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं।
राज्य के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, अभी तक राज्य से 5194 सैंपलों को जांच के लिए भेजा जा चुका है, जिनमें से 4423 की रिपोर्ट नैगेटिव प्राप्त हुई है, जबकि 411 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है।
बुलेटिन के अनुसार, अभी तक जिलावार देहरादून में 25, नैनीताल में दस, हरिद्वार में सात, ऊधमसिंह नगर में चार, पौड़ी व अल्मोड़ा जिला में एक-एक कोरोना संक्रमित पाया गया, लेकिन इनमें से 26 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। इस समय देहरादून में 13, हरिद्वार में छह, नैनीताल में तीन एक्टिव केस हैं।