इन छात्र-छात्राओं का रिजल्ट उनके पूर्व की परीक्षाओं के अंकों के औसत के आधार पर जारी होगा
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
कोरोना संक्रमण के कारण कंटेनमेंट जोन में होने की वजह से उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (उत्तराखंड बोर्ड) की हाईस्कूल और बारहवीं की परीक्षा से वंचित रहने वाले छात्र- छात्राओं को सरकार ने बड़ी राहत दी है। इन छात्र-छात्राओं का रिजल्ट उनकी पूर्व की परीक्षाओं के अंकों के औसत के आधार पर जारी किया जाएगा। इन बच्चों के लिए संबंधित विषय की परीक्षा देने का भी विकल्प है।
शासन ने कंटेनमेंट जोन में रहने की वजह से 22 जून से 26 जून के बीच हुई परीक्षा से वंचित रहने वाले बच्चों के संबंध में परिषद के सचिव को जारी पत्र में निर्देशित किया है कि ऐसे परीक्षार्थी, जो चार या उससे अधिक विषयों/प्रश्नपत्रों की परीक्षा में शामिल हुए हैं, उनका परीक्षाफल सर्वाधिक अंक प्राप्त तीन विषयों के अंकों के औसत के आधार पर घोषित किया जाएगा।
वहीं तीन परीक्षाएं देने वाले छात्र-छात्राओं का परिणाम दो सर्वाधिक अंक वाले विषयों के औसत अंकों से निर्धारित होगा। दो या दो से कम परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं को औसत अंक के आधार पर अंक दिए जाएंगे। वहीं औसत अंकों से संतुष्ट न होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा का विकल्प भी है। स्थितियां सामान्य होने पर बोर्ड परीक्षा कराएगा।