रुद्रपुर, उत्तराखंड: पंजाबी गौरव सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “मैं अपने सभी गुरुओं के चरणों में नमन करता हूं। गुरु साहिबानों से प्रार्थना करता हूं कि समाज और प्रदेश की सेवा का भाव हम सभी के भीतर सदैव जीवित रहे।”
उन्होंने कहा कि यहां समाज द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य सराहनीय हैं और सभी को ऐसे नेक कार्य करने की शक्ति मिलती रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर समाज निरंतर प्रगति कर रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि एक समय इस क्षेत्र में सांप, बिच्छू, विशाल मगरमच्छ और बाघों का खतरा बताया जाता था, लेकिन हमारे पूर्वजों ने अपने परिश्रम से इस क्षेत्र को बसाया और इसे उद्योगों के केंद्र तथा हरे-भरे खेतों वाली समृद्ध भूमि में बदल दिया। आज यह क्षेत्र पूरे देश के लिए अन्न उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि यह हमारे पूर्वजों की अमूल्य विरासत है, जिसे हमें संजोकर और सुरक्षित रखना चाहिए।



