ओमान के पास फंसे भारतीय जहाज पर अधिकारी की मौत का दावा, वायरल वीडियो ने उठाए कई सवाल
नई दिल्ली।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक भारतीय ओमान के पास संघर्ष क्षेत्र में फंसे एक जहाज की स्थिति को लेकर भावुक अपील करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में दावा किया गया है कि भारतीय सेकंड ऑफिसर निशांत उयिरथानाथन की जहाज पर मौत हो गई, लेकिन कई दिनों तक उनके शव को जहाज से नहीं हटाया जा सका।
“अगर इस समंदर में आपकी मौत भी हो जाए तो शायद आपकी बॉडी भी घर नहीं पहुंच पाएगी। 56 इंच का सीना होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन भारतीय सेकंड ऑफिसर की मौत के बाद भी कई दिनों तक कोई मदद नहीं पहुंची।”
वायरल वीडियो में क्रू सदस्यों का आरोप है कि जहाज पर शव को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि शव के विघटन को धीमा करने के लिए ठंडे पानी की बोतलों का इस्तेमाल करना पड़ा। साथ ही यह भी दावा किया गया कि बार-बार एसओएस संदेश भेजने के बावजूद समय पर मदद नहीं मिली।
वीडियो में जहाज संचालक कंपनी और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। नाविकों का कहना है कि संघर्ष प्रभावित समुद्री क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।
हालांकि वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इस बीच घटना ने विदेशों में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा, आपातकालीन सहायता व्यवस्था और संकट के समय सरकारी प्रतिक्रिया को लेकर बहस छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्य सामने लाने की मांग की है। यदि वीडियो में किए गए दावे सही पाए जाते हैं, तो यह भारतीय समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा।

