चिकित्सा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा अपने स्तर पर संविदा में रिक्त एएनएम के पद भरने के निर्देश
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। हरिद्वार में चिकित्सा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी को अपने स्तर पर एएनएम के संविदा पर रिक्त पदों पर नियुक्तियां देने के निर्देश दिए गए। वहीं चिकित्सा महानिदेशक को नियमित पदों पर नियुक्तियों की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए गए।
सचिवालय सभागार में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रदेश के आकांक्षी (एस्पिरेशनल) जनपदों हरिद्वार एवं ऊधमसिंहनगर की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में आयुक्त तथा हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर के जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यसचिव ने जिलाधिकारी सी. रविशंकर को हरिद्वार के चिकित्सा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा अपने स्तर पर संविदा में रिक्त एएनएम के पद भरने के निर्देश दिए। महानिदेशक चिकित्सा को एएनएम के नियमित पदों पर नियुक्ति की कार्यवाही चलाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने गढ़वाल आयुक्त रविनाथ रामन को जनपद हरिद्वार के चिकित्सा, कृषि, कौशल विकास के क्षेत्रों में सुधार की पर्याप्त संभावनाओं पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्त सचिव अमित सिंह नेगी को हरिद्वार एवं ऊधमसिंहनगर को एक-एक करोड़ की अतिरिक्त धनराशि विवेकाधीन कोष के रूप में जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी सचिव कौशल विकास योजना रणजीत सिन्हा, अपर सचिव शिक्षा रवनीत चीमा, महानिदेशक चिकित्सा अमिता उप्रेती तथा आयुक्त कुमांऊ राजीव रौतेला, जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर नीरज खैरवाल एवं जिलाधिकारी हरिद्वार सी. रविशंकर से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की गई।