लॉकडाउन का पालन कराने के साथ सामाजिक सरोकारों को भी बखूबी निभा रही दून पुलिस
दून पुलिस ने बसंत बिहार इलाके में बुजुर्ग दंपति को तत्काल पहुंचाई मदद
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। कोराना वायरस के संक्रमण के दौरान लॉकडाउन का पालन करा रही दून पुलिस सामाजिक सरोकारों को भी बखूबी निभा रही है। दून पुलिस नागरिक सेवा में बढ़चढ़कर योगदान दे रही है। वरिष्ठ नागरिकों का खास तौर पर ख्याल रखा जा रहा है। पुलिस ने बसंत विहार इलाके में बुजुर्ग महिला का टूटा चश्मा ठीक कराकर उनके आवास पर पहुंचाया। बुजुर्ग दंपति ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। दून पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर यह जानकारी साझा की है।
पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को बसंत विहार निवासी वरिष्ठ नागरिक एमजी सिंह ने पुलिस को बताया कि वह 80 वर्ष के हैं। उनकी 76 वर्षीय पत्नी का चश्मा टूट गया है, जिस कारण उनको दैनिक कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घर में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में चोट लगने की आशंका रहती है।
वरिष्ठ नागरिक की इस समस्या से थानाध्यक्ष बसंत विहार को अवगत कराया गया। बसंत विहार पुलिस ने बुजुर्ग व्यक्ति से संपर्क करके आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं और बुजुर्ग महिला का चश्मा बनवाकर उनके घर पहुंचा दिया। इस सहायता पर बुजुर्ग दंपति ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
मालूम हो कि इससे पहले रानीपोखरी थाना पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला को स्वास्थ्य खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया था। वहीं दून अस्पताल से पैदल घर जा रही महिला को पुलिस ने अपनी गाड़ी से उनके रायपुर स्थित आवास पहुंचाया था। वहीं पुलिस जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाने में भी उत्साह के साथ जुटी है। वहीं, कालाबाजारी को रोकने के लिए पुलिस प्रतिदिन क्षेत्रवार खाद्य सामग्रियों की रेट लिस्ट जारी कर रही है।