राज्य में वर्तमान में कोरोना संक्रमण के 864 एक्टिव केस
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के शनिवार को 81 मामले पाए गए। इनसे राज्य में कोरोना संक्रमण के अब तक 1303 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि स्वस्थ होने पर 423 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। कोरोना संक्रमण के ये आंकड़े शनिवार को दोपहर और शाम को जारी बुलेटिन के अनुसार हैं।
राज्य में वर्तमान में कोरोना संक्रमण के 864 एक्टिव केस हैं। वहीं उत्तराखंड में 11 लोगों की मृत्यु हुई है, जिनको कोरोना संक्रमण था, लेकिन अभी तक इनमें से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु की वजह कोरोना संक्रमण होेने की पुष्टि नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के शनिवार को दोपहर में जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कोरोना संक्रमण के रोगियों की रिकवरी दर 33.90 फीसदी है, वहीं राज्य में पिछले सात दिनों को डबलिंग रेट 14.15 दिन है। जबकि अभी तक जांचे गए कुल सैंपलों में से मात्र 4.23 फीसदी ही पॉजिटिव पाए गए।
शाम को जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कोरोना संक्रमण के 58 मामले और मिल गए। इस तरह शनिवार को राज्य में कोरोना के 81 मामले पाए गए। शाम को कोविड-19 पॉजिटिव के 58 मामलों में सबसे ज्यादा 21 हरिद्वार जिला में हैं। वहीं पिथौरागढ़ जिला में आठ, चंपावत, देहरादून, टिहरी गढ़वाल जिला में छह-छह, बागेश्वर व नैनीताल जिला में चार-चार तथा ऊधमसिंह नगर जिला में तीन मामले हैं। इनमें 47 लोग महाराष्ट्र, दिल्ली. यूपी, हरियाणा से यात्रा करके यहां पहुंचे हैं।