राज्य में अभी तक कोरोना संक्रमण के 36 मरीज ठीक हो गए
देर शाम मिली रिपोर्ट में ऊधमसिंह नगर जिले का एक सैंपल पाया गया पॉजीटिव
राज्य में 10 लाख से ज्यादा लोग इस्तेमाल कर रहे आरोग्य सेतु एप
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार देर शाम मिली रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण का एक और मामला पाया गया। यह नया मामला ऊधमसिंह नगर जिले का है। अब तक राज्यभर में कोरोना संक्रमण के 55 केस सामने आ चुके हैं,जिनमें से 36 लोग ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में राज्य में कोरोना संक्रमण के 19 केस एक्टिव हैं।
उत्तराखंड स्वास्थ्य सेवाएं के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के देर शाम के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, ऊधमसिंह नगर में कोरोना संक्रमण का एक मामला पाया गया। ऊधमसिह नगर जिले में इन नये मामले सहित अभी तक कोरोना के पांच मामले पाए जा चुके हैं, जबकि पूर्व में मिले चार संक्रमित रोगी ठीक हो गए हैं।
देर शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्यभर में अभी तक लैब्स से 5602 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिनमें 5547 सैंपलों की रिपोर्ट नैगेटिव है।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रवासी श्रमिकों के राहत कैंपों में अभी तक 22,461 लोगों की मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग की गई। वहीं राज्यभर में 11,120 लोग होम क्वारान्टाइन में हैं, जबकि 2218 फैसिलिटी क्वारान्टाइन में हैं। राज्य में 10 लाख 11 हजार 695 लोग आरोग्यसेतु एप का उपयोग कर रहे हैं।