रुड़की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार प्रातः 10:30 बजे बीईजी (Bengal Engineer Group) हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से रुड़की पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। हेलीपैड पर उत्साह का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के समर्थन में जमकर नारे लगाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रहित के कार्यों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, जनसेवा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है तथा उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री का रुड़की दौरा क्षेत्र के विकास को नई गति देगा तथा विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद किया तथा संगठन की आगामी गतिविधियों एवं विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, रुड़की मेयर अनिता अग्रवाल, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप एवं सागर गोयल, जिला प्रभारी आदित्य चौहान, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, बृजमोहन सैनी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक, संजय अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



