Uttarakhand

यहां पेड से टकराई कार, एक महिला और भतीजे की मौत

कालाढूंगी :  उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र से दुखद खबर सामने आ रही है जहां, हल्द्वानी से उत्तर प्रदेश के रामपुर दढि़याल टांडा जा रही कार बाजपुर रोड पर गड़प्पू के जंगल में पेड़ से टकरा गई, जिससे एक महिला और उसके भतीजे की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी के रामपुर जिले के टांडा बादली मोहल्ला मनिहारन जिला रामपुर निवासी 24 वर्षीय फिरासत अली, 35 वर्षीय जुबेर हिलाल, 35 वर्षीय शाहनाज, 36 वर्षीय मुसब्बिहा और चार वर्षीय शाकिर हल्द्वानी में अपने रिश्तेदार की मृत्यु पर शोक जताने के बाद कार में सवार होकर अपने घर जा रहे थे।

गडप्पू जंगल में पहुंचने के बाद उनके ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई। मृतिका मुसब्बिहा दूसरे मृतक फिरासत की बुआ थी।

पुलिस के मुताबिक हादसे में मुसब्बिहा और फिरासत की मौके पर ही मौत हो गई और वाहन में सवार तीन अन्य घायल हो गए।कालाढूंगी थानाध्यक्ष भगवान सिंह महर ने राहगीरों की मदद से घायलों को कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया, जहां से सभी को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

2

Back to top button
Translate »