रुद्रप्रयाग। जिले में लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ तेजी से पिघलने के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए रुद्रप्रयाग नगर पालिका परिषद ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण ऊपरी क्षेत्रों में बर्फ तेजी से पिघल रही है। वहीं लगातार बारिश से दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। उन्होंने नदी तट के आसपास रहने वाले लोगों से आग्रह किया कि वे समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और विशेष रूप से रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका हर वर्ष मानसून के दौरान विशेष जागरूकता अभियान चलाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी लगातार मुनादी और जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर के प्रति सचेत किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

