राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 35 पर रुकी ,सबसे ज्यादा देहरादून जिले में 18 मरीज
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
देहरादून। कोरोना संक्रमण मामले में उत्तराखंड के लिए रविवार का दिन राहत वाला रहा। रविवार को मिली 93 लोगों की सैंपल रिपोर्ट मिली, जिनमें सभी नैगेटिव हैं। राज्य में अभी तक सात लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। अभी तक राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 35 है, जिनमें सबसे ज्यादा 18 मरीज देहरादून जिला में हैं।
राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अभी तक लैब में राज्यभर से 1820 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें ले 1452 के सैंपल की रिपोर्ट नैगेटिव प्राप्त हुई है, जबकि 333 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।
राज्यभर में 53,970 लोगों को होम क्वारान्टाइन किया गया है, जबकि 1823 लोग इंस्टीट्यूशनल क्वारान्टाइन हैं। राज्य के अस्पतालों में 373 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। अभी तक सबसे ज्यादा 674 सैंपल देहरादून जिला से जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 581 की रिपोर्ट नैगेटिव है। जबकि 75 सैंपलों की रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। देहरादून जिला में छह लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।