हरिद्वार।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सोमवार शाम को हरिद्वार पहुंचे। इसके बाद ने कनखल स्थित जगद्गुरु आश्रम में शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज के आश्रम पहुंचे जहां उन्होंने स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
हरिद्वार पहुंचे तीरथ सिंह रावत ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी और फैसलों पर अपनी बात रखी। पार्टी नेता ने केंद्रीय नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, वे उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे।
उन्होंने कहा वो पार्टी के सिपाही और कार्यकर्ता हैं। पद तो आते जाते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता के रूप में पार्टी और देश सेवा का कार्य लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जिम्मेदारी मिलने के बाद वो सबसे पहले पूज्य शंकराचार्य और संतों से आशीर्वाद प्राप्त करने हरिद्वार पहुंचे हैं। उन्हें शुरू से ही संतों का मार्गदर्शन और शुभचिंतकों का आशीर्वाद मिलता रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत और देश को विश्व में शीर्ष पर ले जाने के संकल्प को वे कार्यकर्ताओं के माध्यम से जमीनी स्तर तक पहुँचाने का काम करेंगे। वहीं वर्ष 2027 में होने वाले आगामी चुनावों पर बात करते हुए तीरथ सिंह रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2047 जनता के बीच रहने वाली और मिशन के रूप में काम करने वाली पार्टी है। पार्टी हर चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। 2027 के चुनाव में भी प्रचंड बहुमत के साथ विजय हासिल करेगी।
तीरथ सिंह रावत को सोमवार को ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने हरिद्वार पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लिया। तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड की पौड़ी गढ़वाल सीट से सांसद और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।



