मंत्री गणेश जोशी, डीएम से खफा नजर आते हैं क्योंकि उन्होंने फोन नहीं उठाया था
देहरादून। राजधानी के सहस्त्रधारा में आपदा स्थल पर उत्तराखंड के विवादित कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और डीएम सविन बंसल के बीच संवाद का विवादित वीडियो वायरल हो गया है।
वीडियो में मंत्री गणेश जोशी, डीएम सेइसीलिए खफा बताए जा रहे हैं क्योंकि उन्होंने फोन नहीं उठाया था। वहीं, डीएम विनम्रतापूर्वक हाथ जोड़ते हुए मौके से चले जाते हैं। इस दौरान उनके साथ मौजूद पुलिस कप्तान अजय सिंह भी सीधे निकल जाते हैं। जिससे एक बार के लिए मंत्री अवाक नजर आते हैं।
इस वीडियो ने सरकार, शासन और प्रशासन के बीच संवाद और समन्वय पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो के मुताबिक, मंत्री का कहना था कि उन्होंने मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर ली है, लेकिन डीएम से अलग से बातचीत की आवश्यकता क्यों महसूस की गई, यह सवाल उठता है।
आपदा जैसी स्थिति में प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों का आपसी सहयोग बहुत जरूरी है। इस वीडियो ने प्रशासनिक प्रणाली के अंदर के तंत्र को उजागर किया है और यह दिखाया है कि व्यक्तिगत नाराजगी से ऊपर उठकर टीम भावना के साथ कार्य करना ही सबसे जरूरी है।
अब देखना यह है कि सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है और क्या कोई स्पष्ट बयान आता है जिससे जनता को यह भरोसा दिलाया जा सके कि प्रशासन और शासन दोनों एकजुट होकर आपदा से निपटने के लिए तत्पर हैं।

