अल्मोड़ा। 5 असम रेजिमेंट के युवा सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का अंतिम संस्कार सोमवार को अल्मोड़ा में सैन्य सम्मान के साथ किया गया। ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले लेफ्टिनेंट गोस्वामी को परिजनों, सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
उनका पार्थिव शरीर राजौरी से जम्मू और फिर पंतनगर होते हुए अल्मोड़ा लाया गया था। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सेना के अधिकारियों ने उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है।

