देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में डॉक्टरों के मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
फैसले के तहत पर्वतीय क्षेत्रों में तैनात सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को अब हर महीने 1 लाख 10 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में तैनात सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को 1 लाख 5 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में जूनियर रेजिडेंट और डेमोंस्ट्रेटर के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है।
सरकार का मानना है कि मानदेय बढ़ने से डॉक्टरों को पर्वतीय क्षेत्रों में सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इससे दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।



