पांच जून को भारी बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जताया गया
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
केरल में दस्तक के बाद मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि उत्तराखंड में इस साल मानसून सीजन में बारिश सामान्य से ज्यादा हो सकती है। अनुमान है कि उत्तराखंड में मानसून 21 जून के आसपास आ सकता है। इससे पहले प्री मानसून की बारिश का दौर चल रहा है। पांच जून को भारी बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जताया गया है।
केरल में एक जून को पहुंचने के बाद उत्तराखंड आने में मानसून को लगभग 21 दिन लगते हैं। इस साल केरल में मानसून सही समय पर पहुंचा है। अगर बीच में सिस्टम प्रभावित नहीं हुआ तो उत्तराखंड में 21 जून तक मानसून की बरसात शुरू हो जाएगी मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार भारत रीजन में मानसून अच्छा रहेगा। आपको मालूम होगा कि उत्तराखंड में सामान्य मानसून सीजन सितंबर तक रहता है।
इन दिनों उत्तराखंड के पर्वतीय से लेकर मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। बुधवार की सुबह भी गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय इलाकों के साथ ही मैदानी इलाकों में बादल जमा हैं।
उत्तराखंड के कई इलाकों में पांच जून को भारी बारिश हो सकती है। ज्यादातर इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। मैदानी क्षेत्रों में तेज हवा चल सकती है।