कैंसर को हरा राष्ट्रीय ताज तक पहुँची दून की बेटी गुनगुन
अहमदाबाद। उत्तराखंड की बेटी गुनगुन बियाल ने अपनी मेहनत, साहस और दृढ़ संकल्प के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पेजेंट P&I India 2026 में गुनगुन ने विजेता का खिताब अपने नाम कर पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। इस जीत के साथ अब वह 2027 में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

गुनगुन की यह जीत केवल एक ताज की जीत नहीं, बल्कि संघर्षों को सफलता में बदलने वाली उनकी प्रेरणादायक यात्रा की कहानी है।
उत्तराखंड से आने वाली गुनगुन ने अपने सफर की शुरुआत Miss Teen Uttarakhand का खिताब जीतकर की थी। लेकिन जीवन ने उनके सामने जल्द ही एक बड़ी चुनौती रख दी। गुनगुन ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का सामना किया और उसे मात दी। इस कठिन दौर ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि पहले से कहीं अधिक मजबूत बनाया।
कैंसर से अपनी लड़ाई के बाद गुनगुन ने अपनी जिंदगी को एक नई दिशा देने का फैसला किया। इसी सोच के साथ उन्होंने Healing Space की शुरुआत की—एक ऐसा मंच जिसका उद्देश्य लोगों को healing, positivity, strength और self-belief के लिए प्रेरित करना है
कभी बीमारी से लड़ रही उत्तराखंड की यही बेटी आज राष्ट्रीय मंच पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए P&I India 2026 की विजेता बन चुकी हैं।
राष्ट्रीय पेजेंट के दौरान गुनगुन ने अपनी आत्मविश्वासपूर्ण व्यक्तित्व, दृढ़ता और जीवन के अनुभवों से मिली मजबूती के साथ देशभर से आई प्रतिभागियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी कहानी ने यह साबित किया कि किसी भी परिस्थिति को अपनी पहचान बनने देने के बजाय उसे अपनी ताकत बनाया जा सकता है।
Miss Teen Uttarakhand से लेकर कैंसर सर्वाइवर, Healing Space की संस्थापक और अब P&I India 2026 की विजेता बनने तक, गुनगुन बियाल का सफर उत्तराखंड की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर उभरा है
उनके सिर पर सजा यह ताज केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव का ताज है। अब निगाहें 2027 पर हैं, जब गुनगुन अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने राज्य और देश का नाम रोशन करने निकलेंगी।
उत्तराखंड की मिट्टी से निकली एक बेटी, जिसने मुश्किलों को मात दी, अपने सपनों को जिया और अब भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाने जा रही है।



