Uttar Pradesh

भाजपा हाईकमान यूपी में ,जेपी नड्डा बूथ से लेकर चुनाव प्रबंधन तक का मंत्र देंगे।

देवभूमि मीडिया ब्यूरो। विधानसभा चुनाव से पहले सियासी नब्ज टटोलने के लिए भाजपा हाईकमान ने यूपी में डेरा जमाया है। वजह चाहे कोई भी हो लेकिन भाजपा के शीर्ष रणनीतिकार 19 से 23 नवंबर तक यूपी में प्रवास कर चुनावी रणनीति की थाह ले रहे हैं। इसी क्रम में आज गोरखपुर में और कल कानपुर में बुंदेलखंड समेत 17 जिलों के पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार से दो दिवसीय चुनावी दौरे में बूथ से लेकर चुनाव प्रबंधन तक का मंत्र देंगे। नड्डा सोमवार को गोरखपुर में गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वहीं शाम को लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और पार्टी प्रभारी राधामोहन सिंह के साथ कोर कमेटी की बैठक लेंगे।
भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि नड्डा सोमवार को गोरखपुर के चम्पादेवी पार्क में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। साथ ही शाम को वनटंगिया परिवारों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद लखनऊ लौटकर पार्टी मुख्यालय पर वरिष्ठ नेताओं के साथ कोर कमेटी की बैठक लेंगे। राजधानी में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह कानपुर पहुंचकर नड्डा अनेक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और दोपहर में रेलवे मैदान निरालानगर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि विधानसभा चुनाव की जीत पार्टी के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके परिणाम न केवल 2024 में होने वाले आम चुनाव को प्रभावित करेंगे बल्कि 2024-25 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर भी इसका बड़ा असर होगा। यही कारण है कि यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संभाल ली है।
जानकारों का मानना है कि नवंबर में इस तरह ताबड़तोड़ दौरे कर भाजपा के शीर्ष रणनीतिकार जमीनी हकीकत जान रहे हैं। दिसंबर में इसी फीडबैक के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »