उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के पास एक इनोवा कार UKO8TA6040 अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी।
हादसे में अब तक चार लोगों के शव नदी किनारे बरामद होने की सूचना है। जबकि एक घायल को पुलिस की मदद से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:21 बजे गंगनानी के पास कार के नदी में गिरने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की ओर हुआ। दुर्घटनाग्रस्त वाहन इनोवा कार बताई जा रही है।
सूचना के बाद मनेरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घटनास्थल पर चार लोगों के शव मिलने की सूचना है। वहीं एक घायल को नदी किनारे से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन में सात लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आने के बाद अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
रेस्क्यू अभियान को गति देने के लिए मनेरा से एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।





