खटीमा। खटीमा में आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय विरासत की समृद्ध झलक प्रस्तुत की। थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न समुदायों की प्रस्तुतियों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू तथा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का पौधा और महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को भी पौधा, भगवान हनुमान की गदा और नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
आदि रंगोत्सव में मुख्यमंत्री पारंपरिक रंग में नजर आए। उन्होंने कलाकारों के साथ थिरकने के साथ ही स्वयं ढोल बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। धामी ने कहा कि आदि रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। अटल आवास योजना के तहत ऊधमसिंह नगर में तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में करीब 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय परिवारों के हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत प्रथम चरण में 824 और द्वितीय चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध केंद्रीय मंत्रियों से किया।
धामी ने बताया कि बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। विद्यालय निर्माण पर 16 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो रहे हैं, जबकि बालिका छात्रावास के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने एवरेस्ट फतह करने वाले खटीमा के बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और टीला सेन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों ने थारू समाज और पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय समाज को रोजगार, प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।



