नई दिल्ली/झांसी। दिवंगत गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद के बेटे अबान की गुरुवार को झांसी में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने के कारण हादसा हुआ। इस दुर्घटना में उनके मित्र सोनू की भी मौत हो गई।
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो प्रयागराज से झांसी की ओर जा रहे थे। पुलिस को सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि एक एसयूवी चालक के नियंत्रण खो देने के बाद डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना कानपुर-झांसी मार्ग पर पूंछ क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जांच में वाहन के तेज रफ्तार होने की बात सामने आई है। एक घायल यात्री ने भी पुलिस को बताया कि वाहन काफी तेज गति से चल रहा था और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।
अबान, अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटे थे और अहजम के जुड़वां भाई थे। उनके बड़े भाई उमर और अली उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद हैं।
यह हादसा अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी कई हिंसक घटनाओं के बाद हुआ है। 13 अप्रैल 2023 को अतीक के 19 वर्षीय बेटे असद अहमद और उसके कथित सहयोगी गुलाम को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने झांसी के पास मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या के मामले में वांछित थे।
इसके दो दिन बाद, 15 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद और उनके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर पत्रकार बनकर उनके करीब पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।



